आदिवासी युवती को न्याय दिलाने की मुहिम में सक्रिय रहने वाले दिनकर कच्छप पर भी दर्ज है दुष्कर्म का मामला

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदिवासी युवती को न्याय दिलाने की मुहिम में सक्रिय रहने वाले दिनकर कच्छप पर भी दर्ज है दुष्कर्म का मामला

जमशेदपुर/चांडिल, 23 जून : हाल के दिनों में विभिन्न मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने वाले दिनकर कच्छप की गिरफ्तारी के बाद उनके विरुद्ध दर्ज मामलों को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस अभिलेखों के अनुसार दिनकर कच्छप के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दंगा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य आरोपों से जुड़े मामले शामिल हैं।

इसी क्रम में यह तथ्य भी सामने आया है कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने दिनकर कच्छप के विरुद्ध यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने कांड दर्ज कर जांच की थी। हालांकि यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है और इस पर अंतिम निर्णय आना शेष है। पुलिस ने चार्जशीट दायर कर दिया है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में दिनकर कच्छप एक आदिवासी युवती को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भी सक्रिय रूप से आंदोलन और जनसंपर्क अभियान चलाते रहे हैं। ऐसे में उनके समर्थक उन्हें सामाजिक न्याय के पक्षधर और जनहित के मुद्दों की आवाज के रूप में प्रस्तुत करते रहे हैं। दूसरी ओर, उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों और महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की चर्चा भी क्षेत्र में तेज हो गई है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार रात बिष्टुपुर पुलिस ने दिनकर कच्छप को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उनकी गिरफ्तारी बिष्टुपुर थाना में पूर्व से दर्ज कांड संख्या 02/2025 एवं 09/2025 में की गई है, जिनमें वह वांछित आरोपी थे। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि गिरफ्तारी का संबंध किसी हालिया आंदोलन या चांडिल क्षेत्र में उठाए गए किसी मुद्दे से नहीं है।

फिलहाल दिनकर कच्छप के विरुद्ध दर्ज दुष्कर्म संबंधी मामला न्यायालय में लंबित है। ऐसे में मामले के तथ्यों और आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा ही किया जाएगा।

Share This Article