दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर झारखंड आंदोलन की विरासत को याद किया गया, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची, 21 मई : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे दिवंगत पूर्व विधायक दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर राजधानी रांची के नामकुम स्थित लोवाडीह में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्गा सोरेन स्मारक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा सोरेन केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि वे झारखंड की अस्मिता, अधिकार और अलग राज्य आंदोलन की मजबूत आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन वंचित, आदिवासी और शोषित समाज के हक की लड़ाई को समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य निर्माण के आंदोलन में दुर्गा सोरेन की भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी और उनके विचार नई पीढ़ी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में कई युवा नेताओं ने संघर्ष और बलिदान का उदाहरण पेश किया, जिनमें दुर्गा सोरेन का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। उनके संघर्षों की बदौलत ही झारखंड को अलग राज्य के रूप में पहचान मिली और राज्य की जनता को अपनी राजनीतिक आवाज प्राप्त हुई।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भी दुर्गा सोरेन को नमन किया तथा झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण किया। समारोह में बड़ी संख्या में समर्थकों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

बता दें कि स्वर्गीय दुर्गा सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के बड़े पुत्र और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बड़े भाई थे।

Share This Article