स्व. आनंद महतो की प्रथम पुण्यतिथि पर 23 अक्टूबर को लगेगा रक्तदान शिविर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

NexBhoomi Foundation की पहल, नारायणडीह के क्लब हिलटॉप मैदान में होगा आयोजन; युवाओं और ग्रामीणों से रक्तदान की अपील

 

सरायकेला, 21 अक्टूबर : मानव सेवा को समर्पित संस्था NexBhoomi Foundation की ओर से स्वर्गीय आनंद महतो की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 23 अक्टूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। सरायकेला क्षेत्र के नारायणडीह स्थित क्लब हिलटॉप मैदान में सुबह 8 बजे से शिविर शुरू होगा। आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान देना है।

संस्था के सह-संस्थापक एम.पी. सिंह सरदार ने बताया कि NexBhoomi Foundation ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और कौशल विकास के क्षेत्र में कार्य करने के उद्देश्य से प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय आनंद महतो समाज सेवा के प्रतीक थे। उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया गया है।

एम.पी. सिंह सरदार ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त से जरूरत के अनुसार तीन मरीजों के उपचार में मदद मिल सकती है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, ग्रामवासियों और समाजसेवियों से शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

NexBhoomi Foundation, स्वर्गीय आनंद महतो परिवार और के.एस.बी.एस. की ओर से इस आयोजन में सभी लोगों को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम के मार्गदर्शकों में बिठापुर पंचायत के मुखिया इंद्रजीत उरांव, एम.पी. सिंह सरदार, बिष्णु सरदार, रमेश महतो और निर्मल महतो समेत अन्य लोग शामिल हैं।

Share This Article