ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के शत-प्रतिशत अनुपालन का निर्देश
सरायकेला, 23 जून : निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सामुदायिक भवन, सरायकेला स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। निरीक्षण में राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी (वेयरहाउस) देवदास दत्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश-निकास रजिस्टर, डबल लॉक सिस्टम, सीलों की स्थिति तथा ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही संधारित अभिलेखों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता से सीधे जुड़ी हुई है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।
वहीं, राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों और अन्य सुरक्षा संसाधनों की नियमित जांच एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन संधारण, प्रवेश-निकास गतिविधियों की सतत निगरानी तथा वेयरहाउस प्रबंधन से संबंधित सभी निर्धारित मानकों के पालन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाताओं के विश्वास को और मजबूत करने के लिए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का सतत अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।