तिरुलडीह : छात्रों को नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध के प्रति किया गया जागरूक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

तिरुलडीह : छात्रों को नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध के प्रति किया गया जागरूक

कुकडू, 11 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत डाटम मध्य विद्यालय डाटम में शनिवार को तिरुलडीह पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी कौशल कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को सामाजिक सुरक्षा, विभिन्न कानूनों और जागरूकता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

इस दौरान छात्रों को नशा मुक्ति, महिलाओं से संबंधित अपराध, बाल विवाह की रोकथाम, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, बच्चा चोरी की अफवाहों से सतर्क रहने तथा महिलाओं के कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया।

साथ ही छात्र-छात्राओं को आपातकालीन सेवाओं के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112 तथा साइबर फ्रॉड टोल फ्री हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता और आवश्यकता के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें। छात्रों से अपील की गई कि वे अपने अभिभावकों को भी यह जानकारी साझा करें।

थाना प्रभारी कौशल कुमार ने शिक्षकों एवं छात्रों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना या घटना की स्थिति में सबसे पहले पुलिस को सूचित करें। उन्होंने छात्रों को सड़क सुरक्षा के बारे विस्तार से जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का अनुपालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी एवं कलम का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जागरूकता कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज में फैली कुरीतियों तथा अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संकल्प लिया।

Share This Article