गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारी को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न

सरायकेला, 07 जनवरी : गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को नदिया एग्रीको फार्म, सिनी में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी विभागों को राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं आपसी समन्वय से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह स्थानीय बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होगा, जहां 12 विभागों द्वारा सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की संस्कृति एवं विकास यात्रा को दर्शाती झांकियाँ प्रस्तुत की जाएंगी। पूर्व वर्षों की भांति प्रभात फेरी का आयोजन भी किया जाएगा। समारोह स्थल एवं नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था के साथ चिकित्सा एवं अग्निशमन दल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य समारोह में सर्वश्रेष्ठ तीन प्लाटून, तीन झांकियाँ तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया जाएगा। 24 जनवरी 2026 को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न बलों व विद्यालयों के कुल 10 प्लाटून भाग लेंगे।
झंडोत्तोलन कार्यक्रम की समय-सारिणी:
उपायुक्त गोपनीय शाखा में 08:15 बजे,
पुलिस अधीक्षक गोपनीय शाखा में 08:30 बजे,
मुख्य समारोह स्थल में 09:10 बजे,
समाहरणालय में 10:10 बजे,
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 10:30 बजे,
पुलिस लाइन, दुगनी में 11:00 बजे झंडोत्तोलन होगा।



