कपाली ओपी क्षेत्र में चोरी की कोशिश नाकाम, दो बाइक चोर गिरफ्तार

हिमतनगर में रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी, दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
चांडिल, 08 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हिमतनगर में चोरी की नीयत से एक घर में घुसे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती निवासी जुनैद फिरोज (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर साकची क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, 7 जनवरी को कपाली ओपी क्षेत्र के हिमतनगर में चोरी की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और कपाली ओपी को सौंप दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मानगो थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती, रोड नंबर 09 स्थित युनुस के घर में किरायेदार के रूप में रहता है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इनमें एक मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि दूसरी बिना नंबर प्लेट की थी। दोनों वाहनों को विधिवत जप्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथ पकड़े जाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार प्राथमिकी अभियुक्त जुनैद फिरोज को 8 जनवरी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।



