सरायकेला के थोक बाजार और ओम सुपर मार्केट में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, सूजी-मैदा के नमूने लिए

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जांच के लिए नामकुम स्थित राजकीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए नमूने, नियमों के पालन का निर्देश

सरायकेला, 15 अक्टूबर : खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सरायकेला के थोक बाजार और ओम सुपर मार्केट में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सूजी, मैदा समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए राजकीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, नामकुम (रांची) भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार और विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेबलिंग और साफ-सफाई पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया। दुकानों में बिक्री के लिए उपलब्ध खाद्य उत्पादों पर वैध लाइसेंस या पंजीकरण संख्या, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि सहित अन्य अनिवार्य विवरण अंकित करने को कहा गया।

विभाग ने खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों का इस्तेमाल नहीं करने तथा केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमत खाद्य रंगों का उपयोग करने की हिदायत दी। साथ ही प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article