जंगली हाथी ने प्राथमिक विद्यालय में मचाई तबाही, चारदीवारी और रसोईघर तोड़ा, हजारों का नुकसान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 11 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत उरमाल पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय बिद्री में गुरुवार तड़के एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने विद्यालय की चारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा रसोईघर को तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे की है। जंगली हाथी विद्यालय परिसर में घुस आया और सबसे पहले चारदीवारी को तोड़ दिया। इसके बाद उसने विद्यालय के मध्याह्न भोजन के लिए बने रसोईघर को निशाना बनाया। हाथी ने रसोईघर की दीवार और शेड को तोड़ दिया, जिससे वहां रखा गैस चूल्हा एवं अन्य आवश्यक सामग्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही रसोईघर में रखा लगभग पांच बोरा चावल भी बर्बाद हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षति का आकलन किया। अधिकारियों ने विद्यालय भवन एवं रसोईघर को हुए नुकसान का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। हाथियों के झुंड आए दिन सरकारी भवनों, ग्रामीणों के घरों और खेतों में घुसकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों की फसलें भी लगातार हाथियों के हमलों का शिकार हो रही हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। वहीं, लगातार हो रही घटनाओं को लेकर लोगों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और बड़ी क्षति हो सकती है।

Share This Article