ईचागढ़ थाना का मामला : गांव के ही पांच लोगों ने लाठी डंडे से पीटकर की युवक की हत्या
ईचागढ़, 27 अगस्त: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पुरानडीह गांव में हुए हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने नामजद सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से तीन बांस का डंडा और एक लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार 25 अगस्त को पुरानडीह निवासी बुधेश्वर पुरान को लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया गया था। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी बिसाई देवी के फर्दबयान पर ईचागढ़ थाना में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने इस मामले में जिन पांच लोगों को नामजद किया था, वे सभी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में राजेन्द्र पुरान (उम्र करीब 34 वर्ष), पिता – वृन्दावन पुरान, टेपू पुरान (उम्र करीब 40 वर्ष), पिता – स्व. सलेश्वर पुरान, बांधु पुरान (उम्र करीब 30 वर्ष), पिता – दुखु पुरान, नेहरू पुरान (उम्र करीब 50 वर्ष), पिता – दुखु पुरान और रामसिंगार पुरान (उम्र करीब 60 वर्ष), पिता – स्व. दोलु पुरान शामिल है। ये सभी पुरानडीह गांव के ही रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने छापामारी कर आज ही सभी को सकुशल गिरफ्तार कर लिया। छापामारी दल का नेतृत्व ईचागढ़ थाना प्रभारी विक्रमादित्य पाण्डेय ने किया। दल में विश्वजीत कुमार तिवारी, महेन्द्र सिंह और ईचागढ़ थाना का शस्त्र बल शामिल था।
पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।