जमशेदपुर में अब तक का सबसे बड़ा जॉब स्कैम उजागर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जमशेदपुर में अब तक का सबसे बड़ा जॉब स्कैम उजागर

हजारों बेरोजगारों से ठगी, सैकड़ों को पुलिस ने छुड़ाया

जमशेदपुर/घाटशिला, 27 अगस्त : झारखंड में बेरोजगार युवाओं के सपनों के साथ सबसे बड़ा छल सामने आया है। पुलिस ने जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के भोला बागान और घाटशिला इलाके से सैकड़ों युवक-युवतियों को बंधन जैसी स्थिति से मुक्त कराया है। बताया जा रहा है कि यह अब तक का सबसे बड़ा जॉब स्कैम है, जिसमें हजारों युवाओं को फर्जी कंपनियों के जाल में फँसाया गया।

कैसे चलता था जॉब स्कैम?

“ग्लेज़ इंडिया” और “राधा इंटरप्राइजेज” नाम की कंपनियाँ बेरोजगार युवाओं को टाटा सहित नामी-गिरामी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देती थीं। इसके एवज में प्रत्येक से ₹25,000 तक की भारी रकम वसूली जाती थी।

बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओड़िशा और अन्य राज्यों से युवाओं को जमशेदपुर और घाटशिला बुलाया जाता। लेकिन नौकरी देने के बजाय उन्हें जबरन मार्केटिंग का काम कराया जाता। विरोध करने वालों के साथ मारपीट की जाती, यहाँ तक कि उन्हें जंगलों में ले जाकर पिटाई करने या कमरों में कैद कर देने की भी घटनाएँ सामने आईं।

कई युवक-युवतियां महीनों से इस जाल में फंसे हुए थे और बंधुआ मजदूर की तरह काम करने को मजबूर थे।

ग्रामीण एसपी रेशव गर्ग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान घाटशिला से 180 युवक-युवतियों को और जमशेदपुर के भोला बागान से 100 लोगों को रेस्क्यू किया गया।

हालाँकि स्थानीय लोगों का दावा है कि यहाँ 500 से 1000 तक युवतियां भी मौजूद थीं, लेकिन किसी वजह से उन्हें छुड़ाया नहीं जा सका। पुलिस इस दावे की जाँच कर रही है।

बेरोजगारों के लिए सबक

यह खुलासा सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के बेरोजगार युवाओं के लिए एक चेतावनी है। नौकरी की तलाश में बड़े-बड़े नामों के लालच में आने के बजाय युवाओं को कंपनी और नौकरी की पूरी सच्चाई की पड़ताल करनी होगी।

झारखंड में सामने आया यह जॉब स्कैम राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश में रोजगार के नाम पर चल रहे फर्जी धंधों का बड़ा उदाहरण है। पुलिस की कार्रवाई से सैकड़ों युवक-युवतियों को तो राहत मिली है, लेकिन सवाल अब भी बना हुआ है कि आखिर इस जाल में फँसे बाकी युवाओं का क्या हुआ?

Share This Article