आंखों की रोशनी के साथ गौसेवा में जुटे कर्मियों का भी सम्मान, आदित्यपुर में लगा नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर
आदित्यपुर, 23 अगस्त : नगर निगम के वार्ड संख्या 17 स्थित कलश काली मंदिर परिसर में रविवार को सेवा, स्वास्थ्य और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। शारदा नेत्रालय एवं तेजस्विनी महिला संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एकदिवसीय नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में जहां 50 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई, वहीं गाय को सुरक्षित बचाने वाले नगर निगम के सफाईकर्मियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिक्षाविद प्रोफेसर केपी सोरेन समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व अतिथियों का पौधा एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश, स्थानीय पार्षद सह तेजस्विनी महिला संगठन की अध्यक्ष नीतू शर्मा, अधिवक्ता एसके स्वाई, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिवाकर झा, गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा, जितेंद्र कुमार एवं कैलाश पाठक समेत कई लोग मौजूद रहे।
शिविर के दौरान शारदा नेत्रालय एंड मेटरनिटी के डॉ. अनुराग, डॉ. स्मिता पति, डॉ. पूजा कुमारी शर्मा, डॉ. कोमल कुमारी एवं उनकी टीम ने लोगों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। मरीजों के लिए उपचार और दवाइयों की व्यवस्था भी की गई। जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू नगर निगम के सफाईकर्मियों का सम्मान रहा। वार्ड 17 में शौचालय की टंकी में गिरी गाय को सुरक्षित बाहर निकालने वाली रेस्क्यू टीम में शामिल मंटू तोमर, विमल कुमार, सूरज मुखी, आशु मुखी, प्रदीप मुखी, अमित कुमार सिंह, अरुण हरिजन, सुभाष सोय और दीपक सिंह को सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा को सामाजिक सरोकार से जोड़ने वाले ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं। प्रोफेसर केपी सोरेन ने पार्षद नीतू शर्मा को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। वहीं ओमप्रकाश ने गौ रक्षा के लिए पार्षद के प्रयासों की सराहना की। तेजस्विनी महिला संगठन के इस प्रयास की सभी अतिथियों ने प्रशंसा की। समाचार लिखे जाने तक शिविर में लोगों की जांच का सिलसिला जारी था।



