ईचागढ़ पुल के नीचे बोरे में भरी अज्ञात लाश मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

ईचागढ़, 14 मार्च : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब ईचागढ़ पुल के नीचे स्वर्णरेखा नदी में एक बोरे में भरी अज्ञात लाश बरामद हुई। स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे संदिग्ध अवस्था में पड़े बोरे में भरी लाश को देखा। शरीर का ऊपरी हिस्सा बोरे से बाहर निकला हुआ था। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से लाश को नदी से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। लाश की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया है। पुलिस फिलहाल शव की पहचान करने में जुट गई है। इस संबंध में इचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महत्व ने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।
आशंका जताई जा रही है कि शव को किसी अन्य स्थान से लाकर पुल से नीचे फेंक दिया गया होगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।



