
बीडीओ केशव भारती ने शहीद के माता-पिता को शॉल एवं मिठाई भेंटकर किया सम्मानित
जमशेदपुर/बहरागोड़ा, 07 नवंबर : दीपावली के पावन अवसर पर देश की रक्षा करते हुए गलवान घाटी में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद गणेश हांसदा के परिवार को प्रखंड प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार बहरागोड़ा प्रखंड प्रशासन ने शहीद के माता-पिता के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती ने शहीद गणेश हांसदा के पिता सुबदा हांसदा एवं माता कापरा हांसदा को शॉल और मिठाई भेंटकर सम्मानित किया।
बीडीओ ने शहीद के माता-पिता के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए देश की रक्षा में गणेश हांसदा के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। दीपावली के पूर्व प्रशासन की इस पहल को शहीद परिवार के प्रति सम्मान, संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।



