आदित्यपुर में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, कचरे के अंबार से लोग बेहाल

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

11 से अधिक पार्षदों ने डीसी से की शिकायत, नियमित कचरा उठाव नहीं होने पर नगर निगम घेराव की चेतावनी

सरायकेला, 22 अगस्त : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। डोर-टू-डोर कचरा उठाव नियमित नहीं होने से शहर के कई वार्डों में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे स्थानीय लोगों को दुर्गंध और गंदगी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। समस्या से नाराज 11 से अधिक पार्षदों ने शनिवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग की।

वार्ड 29 की पार्षद अर्चना सिंह के नेतृत्व में पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद से ही उनके वार्डों में कचरा उठाव नियमित नहीं हो रहा है। नगर निगम द्वारा कचरा उठाव के लिए अधिकृत एजेंसी पर मनमानी तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कई इलाकों में सप्ताहभर तक कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं पहुंचती है।

कचरे के ढेर से बीमारी का खतरा

पार्षदों ने बताया कि कचरा जमा रहने से कई मोहल्लों, गलियों और मुख्य सड़कों पर गंदगी का ढेर लग गया है। बरसात के मौसम में कचरा सड़ने से दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोग लगातार पार्षदों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ सुधार

पार्षदों का कहना है कि सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों से कई बार मौखिक और लिखित शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद हर बार आश्वासन तो मिला, लेकिन धरातल पर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी कारण मजबूर होकर उन्हें उपायुक्त के समक्ष मामला उठाना पड़ा।

डीसी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की पूरी स्थिति से अवगत कराया। मामले को गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने नियमित कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सुधार नहीं हुआ तो होगा नगर निगम का घेराव

पार्षदों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे वार्ड की जनता के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे। पार्षदों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में वार्ड 29 की अर्चना सिंह, वार्ड 27 की रिंकी देवी, वार्ड 25 की उत्तरा प्रधान, वार्ड 26 की वेदना गोप, वार्ड 34 की रीता देवी, वार्ड 11 की मंजू देवी, वार्ड 5 की विनीता कुमारी, वार्ड 14 की सुनीता देवी, वार्ड 24 की राम मुखी देवी, वार्ड 12 के मोती बिश्नोई, वार्ड 1 के बनमली दास, वार्ड 4 के शुभम पांडेय सहित अन्य पार्षद मौजूद थे।

Share This Article