अनुमंडल मुख्यालय के मेन गेट के पास से दिनदहाड़े स्कूटी चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Manbhum Updates
2 Min Read

अनुमंडल मुख्यालय के मेन गेट के पास से दिनदहाड़े स्कूटी चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चांडिल। सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं के बीच शनिवार को अनुमंडल कार्यालय के मेन गेट के पास से दिनदहाड़े स्कूटी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी वाहन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, भरत सिंह घटवार अपनी स्कूटी अनुमंडल कार्यालय के गेट के बाहर सड़क किनारे खड़ी कर पास स्थित अपने निजी क्लिनिक में मरीज का एक्यूप्रेशर एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से इलाज करने गए थे। कुछ देर बाद जब वे क्लिनिक से बाहर निकले तो मौके से स्कूटी गायब मिली।

भरत सिंह घटवार के अनुसार, उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन स्कूटी का कोई पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि स्कूटी में चाबी लगी हुई थी। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी चांडिल थाना पुलिस को दी।

मामले को लेकर चांडिल थाना में स्कूटी चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अनुमंडल कार्यालय जैसे प्रमुख सरकारी परिसर के गेट के पास दिनदहाड़े वाहन चोरी की घटना से आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Share This Article