मनसा मंगल जात का जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने किया उद्घाटन

ईचागढ़, 19 सितंबर : ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सोड़ो गांव में मनसा पूजा के उपलक्ष्य में आयोजित मनसा मंगल जात कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो एवं जिला परिषद सदस्य सुभाषिनी देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के पलमा से पहुंचीं कविता महतो एवं महिला संप्रदाय दल ने मां मनसा देवी पर आधारित मनसा मंगल जात का गायन प्रस्तुत किया। पारंपरिक गायन और संगीत के माध्यम से मां मनसा देवी की महिमा का वर्णन किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि क्षेत्र में मनसा पूजा की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और इसे करीब एक महीने तक श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि मनसा मंगल जात के माध्यम से मां मनसा देवी की महिमा और गुणगान को संगीत के रूप में प्रस्तुत किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से केवल परंपराओं का संरक्षण ही नहीं होता, बल्कि गांव और क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और सद्भाव भी मजबूत होता है।
कार्यक्रम में मुखिया नयन सिंह मुंडा, मुखिया बिपिन सिंह मुंडा, योगी फाल्गुनी पांडे, इंद्रजीत प्रमाणिक, अजय पांडे समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।



