स्वच्छता ही सेवा अभियान को सफल बनाने हेतु जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

Manbhum Updates
2 Min Read

स्वच्छता ही सेवा अभियान को सफल बनाने हेतु जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

खूंटी, 18 सितंबर : खूंटी समाहरणालय स्थित सभागार में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान का गुरुवार से शुभारंभ हुआ। अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में उप विकास आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन है। इसे सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता शपथ, रैली, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन हो। विशेष अवसरों के दौरान सामुदायिक स्तर पर स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाए। ग्राम स्तर पर “मेरा शौचालय–सेवा अभियान” के अंतर्गत व्यक्तिगत व सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई एवं मरम्मती कार्य हो।

कार्यशाला में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की ओर से अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी को आईटी पोर्टल पर दैनिक आधार पर गतिविधियों की प्रविष्टि एवं रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया और स्वच्छ एवं स्वस्थ खूंटी के निर्माण का दृढ़ निश्चय दोहराया।

Share This Article