डायन बताकर वृद्धा की हत्या, 24 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार

Manbhum Updates
2 Min Read

डायन बताकर वृद्धा की हत्या, 24 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार


खूंटी, 18 सितंबर : खूंटभ् जिले के सायको थाना क्षेत्र में बुधवार को डायन होने का आरोप लगाते हुए एक वृद्धा की हत्या कर दी गई थी। घटना के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र के गुरुबुरु का बताया जा रहा है। इस संबंध में मृतिका की बेटी बिरसी देवी ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया कि उसके पड़ोसी चोरोन मुंडा ने उसकी मां 69 वर्षीय लुखी देवी की हत्या धारदार एवं नुकीली हथियार से कर दी है। आरोप है कि मृतिका के पड़ोसी चोरोन मुंडा लुखी देवी के डायन होने की बात कहकर उसके घर में गया और धारदार हथियार और कुदाल से उस पर हमला कर दिया।

आरोपी के निशानदेही पर हथियार बरामद
इस घटना में मौके पर ही लुखी देवी की मृत्यु हो गई। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी काे गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सायको थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार चोरोन मुंडा के निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त टांगी, कुदाल, खून लगा पैंट एवं खून लगा गमछा टुकड़ा बरामद किया। उन्होंने बताया कि पुछताछ के क्रम में आरोपी ने बताया कि कुछ माह पहले उसके परिवार में एक बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चे की मौत के पीछे उसने लुखी देवी द्वारा किया गया काला जादू मान लिया था। डायन होने के संदेह के कारण ही उसने लुखी देवी की हत्या कर दी।

Share This Article