उपायुक्त ने शहरी योजनाओं की समीक्षा की, बिरसानगर पीएमएवाई व शीतकालीन व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश

जमशेदपुर, 13 दिसंबर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, आईएएस की अध्यक्षता में जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप नगर आयुक्त सहित जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी), मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी शहरी निकायों में संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए, इसके लिए विभागीय समन्वय एवं नियमित निगरानी आवश्यक है।
विशेष रूप से बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) आवास परियोजना की प्रगति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवासीय परिसरों में पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, सड़क, नाली जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
शीतकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में रैन बसेरों के सुचारु संचालन तथा ठंड से बचाव हेतु अलाव व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैन बसेरों में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा चिन्हित स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाए जाएं।
उपायुक्त ने सभी शहरी निकायों को शीतकालीन व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने एवं जरूरतमंदों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने उपायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।



