बासाहातु में मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा का हुआ भव्य अनावरण

ईचागढ़, 03 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत देवलटांड पंचायत के बासाहातु गांव में शनिवार को आदिवासी समाज के महान नायक मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गांव में नव-निर्मित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया तथा चबूतरा निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे पूजा-पाठ एवं विधिविधान के साथ प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा, माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत गणमान्य अतिथियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में प्रतिमा का अनावरण किया गया।
जयंती समारोह में अतिथियों का स्वागत, प्रसाद वितरण, विचार गोष्ठी, भाषण कार्यक्रम, आदिवासी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य एवं गीतों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति को प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासी समाज को एक नई पहचान दी और उनके अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर देवलटांड पंचायत के मुखिया विपिन सिंह मुंडा, रतनलाल सिंह मुंडा, विनोद सिंह मुंडा, ललीन सिंह मुंडा, राजेश सिंह मुंडा, गुरुदेव सिंह मुंडा, काशीनाथ सिंह मुंडा, मुकेश सिंह मुंडा, रामगोपाल सिंह मुंडा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा समिति, बासाहातु के सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम आने वाली पीढ़ियों को मरांग गोमके की विचारधारा और संघर्ष से प्रेरणा देने का कार्य करेगा।



