चांडिल, 09 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में JSSC के एक कथित दलाल को स्थानीय लोगों ने पकड़कर चौका पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। कथित दलाल को पकड़ने में चावलीबासा के पूर्व पंचायत समिति सदस्य गुरुचरण साव ने अहम भूमिका निभाई है।
मीडिया से बातचीत में गुरुचरण साव ने दावा किया है कि उसकी भांजी ने JSSC सहायक आचार्य की प्रतियोगी परीक्षा में सफल हुई हैं और उसका प्रथम सूची में नाम आया है और अब द्वितीय सूची में नाम आना है। गुरुचरण साव के अनुसार, एक व्यक्ति ने फोन पर उसकी भांजी से संपर्क किया था और स्वयं JSSC से जुड़ा हुआ बताते हुए 10 लाख रुपये की मांग की थी। इस मामले में गुरुचरण साव ने हस्तक्षेप करते हुए उस व्यक्ति से संपर्क किया और पूरा मामला समझने का प्रयास किया। JSSC के कथित दलाल ने गुरुचरण साव को रांची में मिलने को कहा, जिसपर गुरुचरण साव ने इंकार किया तब कथित दलाल स्वयं चौका पहुंचा और गुरुचरण साव से मुलाकात की।
गुरुचरण साव ने बताया कि कथित दलाल ने उन्हें अनेकों अभ्यर्थियों के ओरिजनल सर्टिफिकेट और कई ब्लेंक चेक दिखाए और कहा कि नौकरी लेना चाहते हैं तो इसी तरह सभी ओरिजनल सर्टिफिकेट और दो ब्लेंक चेक देना होगा तभी जाकर नौकरी मिलेगी। गुरुचरण साव ने बताया कि जब उन्होंने गहराई से पूरे सिंडिकेट की जानकारी मांगी तब कथित दलाल ने बताया कि इस खेल में अनेकों लोग जुड़े हुए हैं।
इस दौरान गुरुचरण साव ने चौका पुलिस को सूचना दी तथा कथित दलाल को अन्य ग्रामीणों के साथ पकड़कर रखा। चौका पुलिस ने कथित दलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूर्व पंचायत समिति गुरुचरण साव ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, अबतक किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है। अबतक पूरा मामला आरोपों के आधार पर ही है। Manbhum Updates किसी भी आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर रही हैं, बल्कि अबतक जो जानकारी और तथ्य सामने आए हैं उसे समाचार के तौर पर प्रस्तुत कर रही हैं।