घाटशिला : मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण पर राजनीतिक दलों संग बैठक

जमशेदपुर, 10 सितंबर : भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य जारी है। इसी क्रम में बुधवार को 45- घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों को दावा एवं आपत्ति प्रपत्र उपलब्ध कराए और उनसे व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र नागरिकों को प्रपत्र भरने हेतु प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं का पंजीकरण, नाम सुधार, पते में बदलाव तथा मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने जैसे कार्यों के लिए निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा किए जा सकते हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बूथ स्तर अधिकारी (BLO) मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं। साथ ही राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से भी इस कार्य में सहयोग दें, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हो सके।
एसडीओ ने आश्वस्त किया कि निर्धारित समयावधि में प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों की जांच कर पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग के इस अभियान का स्वागत किया और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।



