शिशु विद्या मंदिर चांडिल में तीन दिवसीय समर कैंप शुरू, बच्चों ने की मस्ती
चांडिल, 20 मई : नौरंगराय सूर्यादिवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चांडिल में तीन दिवसीय समर कैंप बुधवार को शुरू हुआ। समर कैंप के पहले दिन का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समर कैंप के पहले दिन विद्यार्थियों के लिए खेलकूद, योग, कला एवं मनोरंजन से जुड़ी कई गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुब्रत चटर्जी, परिमल चंद्र महतो एवं विद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। प्रभारी प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का विकास होता है। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षकों के सहयोग एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने शेष दो दिनों में भी समर कैंप को और अधिक रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने का संकल्प लिया।