अस्पताल परिसर से बाइक चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चोरी की बाइक समेत दो स्प्लेंडर बरामद, तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने दबोचा

सरायकेला, 20 अगस्त : सरायकेला सदर अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर चोरी की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इनमें एक बाइक सदर अस्पताल परिसर से चोरी की गई थी, जबकि दूसरी बाइक के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति अपनी पत्नी के इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल संख्या JH05CZ-2871 को अस्पताल परिसर में खड़ा किया था। इलाज के बाद जब वे वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब मिली। इसके बाद पीड़ित ने सरायकेला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर सरायकेला अंचल इंस्पेक्टर राजेश टुडू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय सुरज नाथ, पिता सिद्धेश्वर योगी, निवासी लखीपुर, थाना राजनगर तथा 26 वर्षीय अभिषेक महतो, पिता हरिपद महतो, निवासी दुगनी जोरडीहा, थाना सरायकेला के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद बाइकों के चेचिस नंबर MBLHAW126MHG79933 और MBLHAW123MHK54117 बताए गए हैं। पुलिस दोनों बाइकों के संबंध में आवश्यक सत्यापन कर रही है।

छापामारी दल में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, एसआई अरुण कुमार महतो, विनोद टुडू समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है।

Share This Article