गुलगुलिया बस्ती में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

80 से अधिक सोना-चांदी के जेवरात बरामद, अलमारी के नीचे झोले में छिपाकर रखे थे चोरी के गहने

सरायकेला, 20 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले की आमदा ओपी पुलिस ने बंद एवं सुनसान घरों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुलगुलिया बस्ती आमदा निवासी ललन सिंह मोदी उर्फ टीका सिंह मोदी को गिरफ्तार कर उसके घर से 80 से अधिक सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि खरसावां थाना (आमदा ओपी) कांड संख्या 36/26 एवं 37/26 में चोरी किए गए जेवरात ललन सिंह मोदी ने अपने घर में छिपाकर रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया। सूचना के सत्यापन के बाद आमदा ओपी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुलगुलिया बस्ती स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही घर में मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर ललन सिंह मोदी को पकड़ लिया। इसके बाद घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टीन की अलमारी के नीचे जमीन पर रखे एक झोले से प्लास्टिक की पोटली बरामद हुई। पोटली खोलने पर उसमें सोना-चांदी के 80 से अधिक जेवरात मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद जेवरात से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में गिरोह के बारे में दी जानकारी

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसका और उसके परिवार का मुख्य पेशा बंद घरों में चोरी करना है। उसने पुलिस को बताया कि बरामद जेवरात उसके बेटे अनु मोदी, रौशन मोदी तथा बहुओं रूपा मोदी और कुंती मोदी के साथ मिलकर सरायकेला, खरसावां और आमदा क्षेत्र में की गई चोरियों से संबंधित हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

21 पायल समेत कई जेवर बरामद

पुलिस ने बताया कि बरामद सामान में बड़ी-छोटी कुल 21 पायल, नौ सोने के लॉकेट, झुमका, नथिया, ताबीज, दो चांदी के पंजे, बच्चों के सात बेरा, दो ब्रेसलेट, तीन गले की चेन, बिछिया, अंगूठी, त्रिशूल एवं दुर्गा लॉकेट तथा दो चांदी के बिस्कुट समेत 80 से अधिक जेवरात शामिल हैं।

इस मामले में आमदा ओपी में कांड संख्या 39/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(4), 317(5) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस बरामद जेवरात को विभिन्न चोरी की घटनाओं से जोड़कर मामले की आगे जांच कर रही है।

Share This Article