सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और जन-जागरूकता के लिए प्रभावी उठाएं कारगर कदम

सरायकेला, 29 अगस्त : अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर जिला स्तर पर ठोस योजना तैयार करने और आम नागरिकों को जागरूक करना था। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जुलाई 2025 के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 29 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 26 लोगों की मृत्यु तथा 15 लोग घायल हुए हैं। साथ ही, जिले में अब तक 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं।
बैठक के दौरान अपर उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या विगत माह से अधिक हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिलेभर में समय-समय पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाए, ताकि लोग नियमित रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि बस, ऑटो, मैजिक आदि वाहनों में निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्री न चढ़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मुख्य सड़कों और बाजारों में अवैध वाहन पार्किंग तथा सड़क किनारे अतिक्रमण कर ठेले-दुकान लगाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए। सभी चिन्हित 18 ब्लैक स्पॉट पर आवश्यकता अनुसार बड़े और स्पष्ट साइनेज बोर्ड तथा सोलर लाइट लगाने, यातायात पुलिस एवं टाइगर मोबाइल का नियमित भ्रमण एवं गश्ती सुनिश्चित किया जाए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि राष्ट्रीय मार्ग, ग्रामीण विकास विभाग तथा पथ निर्माण विभाग सहित सभी कार्यकारी एजेंसियां अपने-अपने अधीन सड़कों की मरम्मती एवं स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को यथाशीघ्र दुरुस्त करें।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में सड़कों का समय पर मरम्मत, यातायात नियंत्रण हेतु पुलिस गश्ती दल का भ्रमण और ट्रैफिक जांच अभियान अत्यंत आवश्यक है। मौके पर अपर नगर आयुक्त (आदित्यपुर) रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी अंचलाधिकारी, यातायात निरीक्षक, सभी थाना प्रभारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।



