खूंटी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

खूंटी, 29 अगस्त : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खूंटी स्थित बिरसा कॉलेज परिसर के स्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा, जिला खेल पदाधिकारी खूंटी तथा खेल संघ खूंटी के जिला अध्यक्ष अशोक भगत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरकार समय-समय पर खेल प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के लिए ऐसे प्रतियोगिताओं का आयोजन करती रहती है।
खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि रोजगार और करियर का भी महत्वपूर्ण मार्ग है। खूंटी के कई खिलाड़ियों ने राज्य और देश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से और अधिक खिलाड़ियों को अवसर मिलेगा। खूंटी के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी जिले का नाम रोशन करेंगे। सरकार और समाज की ओर से खिलाड़ियों को हर संभव मदद की कोशिश किया जाएगा। इस अवसर पर खेल संघ खूंटी के उपाध्यक्ष नमजन, विधायक प्रतिनिधि डिक्सन पूर्ति व नोथरोथ पूर्ति सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।



