सितु गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण योजना का हुआ भूमि पूजन
ईचागढ़, 1 जून : सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की पहल पर ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत सितु गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण योजना का भूमि पूजन सोमवार को विधिवत संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में स्वास्थ्य सुविधा विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम का नेतृत्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो एवं जिला परिषद सदस्य सुभाषिनी देवी, प्रखंड प्रमुख गुरुपद मार्डी, मुखिया नयन सिंह मुंडा आदि ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके निर्माण से सितु पंचायत सहित आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर प्राप्त होंगी तथा उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए जिला परिषद निरंतर कार्य कर रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है। स्वस्थ गांव, खुशहाल समाज की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में यह उप स्वास्थ्य केंद्र भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भूमि पूजन के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने इस योजना के लिए जिला परिषद एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।