मधुसूदन विद्यालय के संस्थापक श्याम सुंदर महतो का निधन

जमशेदपुर, 10 अगस्त : मधुसूदन विद्यालय के संस्थापक और सेवा निवृत्त शिक्षक श्याम सुंदर महतो का आज सुबह 5:08 बजे ब्रह्मानंद अस्पताल, जमशेदपुर में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके पुत्र बलराज कुमार हिंदवार ने जानकारी दी कि अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को दोपहर 12:00 बजे तक उनके आवास पर रखा जाएगा, जिसके बाद आसनतलिया श्मशान घाट में दाह संस्कार किया जाएगा।
श्याम सुंदर महतो जिला परिषद् चाईबासा के पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। वे समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए जाने जाते थे। उन्हें समाज का एक अमूल्य धरोहर माना जाता था।
उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। लोगों ने उन्हें एक समर्पित शिक्षक, समाजसेवी और प्रेरणास्रोत के रूप में याद किया। इस दुखद घड़ी में सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।


