वस्त्र दान के साथ संपन्न हुआ आयोजन, नेगेटिव एनर्जी दूर करने का दिया संदेश
सरायकेला, 8 अक्टूबर:- चामारू पंचायत अंतर्गत नेंगटासाई गांव में मंगलवार शाम 3 बजे से बुधवार शाम 3 बजे तक 24 घंटे का “बाबा नाम केवलम” अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा गांव भक्ति के रंग में रंग गया।
कीर्तन में भाग लेने के लिए दूर-दराज से सैकड़ों आनंद मार्गी पहुंचे थे। कीर्तन का संचालन करने कई सन्यासी दादा-दीदी पहुंचे थे। 24 घंटे तक “बाबा नाम केवलम” के जयघोष से पूरा इलाका गूंजता रहा।
टाटा डीएस संत शिवानंद अभदुथ सन्यासी दादा ने बताया कि बाबा नाम केवलम कीर्तन का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि आपने कई प्रकार के कीर्तन सुने होंगे, लेकिन इसका महत्व अलग है। हम जिन्हें अपना गुरु, भगवान या परमेश्वर मानते हैं, उन्हें सिर्फ ‘बाबा’ कहकर पुकारना ज्यादा सहज और आत्मीय है, इसी भाव से यह संकीर्तन किया जाता है।
आयोजनकर्ता तापस महतो ने बताया कि गांव में हर साल इस कीर्तन का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाबा नाम केवलम कीर्तन करने से अत्यंत आनंद की अनुभूति होती है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। सभी को यह कीर्तन करना चाहिए।
इस शुभ अवसर पर आयोजकों द्वारा वस्त्र दान भी किया गया।



