मानगो और कंपनी क्षेत्र में नहीं रहेगा अंतर, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी नागरिक सुविधाएं : सुधा गुप्ता

जमशेदपुर, 13 फरवरी : मानगो मेयर पद की प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने व्यापक जनसंपर्क अभियान के तहत विभिन्न इलाकों में पदयात्रा निकालकर डोर-टू-डोर संपर्क किया और मतदाताओं से 23 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प मानगो को कंपनी क्षेत्र के समकक्ष विकसित करना है, ताकि दोनों क्षेत्रों के बीच किसी प्रकार का अंतर न रहे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने रोड नंबर 8, मिश्रा होटल, पायल सिनेमा रोड, उलीडीह वसुंधरा स्टेट, दाईगुट्टु, सुमन होटल, डिमना चौक, रोड नंबर 17, गोकुलनगर और गौड़ बस्ती सहित कई क्षेत्रों में बैठकें कीं। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समर्थन की अपील की। पदयात्रा में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए और जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया।
सुधा गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि 23 फरवरी को सभी मतदाता सुबह ही अपने-अपने घरों से निकलकर मतदान अवश्य करें और कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने समर्थकों के साथ मतदाताओं से गुलाबी मतपत्र पर चुनाव चिन्ह ‘कारपेट’ के निशान क्रम संख्या 11 पर मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मानगो की जनता के सुख-दुख में वह हमेशा खड़ी रही हैं और आगे भी खड़ी रहेंगी। “मैं और मेरे पति बन्ना गुप्ता ने मिलकर मानगो के विकास के लिए काम किया है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा,” उन्होंने कहा।
सुधा गुप्ता ने वादा किया कि मानगो की हर गली और सड़क को सुदृढ़ बनाया जाएगा, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा और जमशेदपुर की तर्ज पर व्यवस्थित शहरी ढांचा खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक नागरिक सुविधाएं पहुंचाना और क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर बेहतर बनाना है।
अभियान के दौरान क्षेत्र में चुनावी माहौल गर्म नजर आया और समर्थकों ने जीत का दावा करते हुए लोगों से व्यापक समर्थन देने की अपील की।



