108 बच्चों ने गढ़े पार्थिव शिवलिंग, पूजा के साथ सीखे संस्कार और जीवन-मूल्य

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

108 बच्चों ने गढ़े पार्थिव शिवलिंग, पूजा के साथ सीखे संस्कार और जीवन-मूल्य

जमशेदपुर, 23 अगस्त : मोबाइल, डिजिटल स्क्रीन और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों को अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने की दिशा में जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स ने अनूठी पहल की। सावन के पावन अवसर पर साकची स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित ‘बाल पार्थिव शिवलिंग पूजा’ में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 108 बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में बच्चों ने स्वयं पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। आयोजन के दौरान उन्हें भगवान शिव की आराधना के साथ भक्ति, अनुशासन, संस्कार और भारतीय परंपराओं के महत्व से भी परिचित कराया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित न रखते हुए उनके पीछे छिपे जीवन-मूल्यों और सांस्कृतिक भावनाओं को समझने का अवसर देना था।

कार्यक्रम का संदेश “Create with Devotion, Learn with Purpose, Grow with Values and Puj with Understanding” रहा। आयोजकों ने कहा कि बच्चों को कुछ समय डिजिटल दुनिया से दूर कर रचनात्मक और आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ना आज के दौर में बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति समझ और जुड़ाव पैदा करने के साथ-साथ अनुशासन, एकाग्रता और अच्छे संस्कार विकसित करने में भी सहायक हो सकते हैं।

जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन संस्था की महिला विंग की ओर से किया गया। उन्होंने महिला सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को आध्यात्मिकता, संस्कृति और सकारात्मक जीवन-मूल्यों से जोड़ने वाली गतिविधियां समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि भारतीय परंपराएं केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनमें जीवन को बेहतर बनाने वाले संस्कार और मूल्य भी निहित हैं।

Share This Article