ईचागढ़ के बिस्टाटांड़ गांव में दो हाथियों की मौजूदगी, किसानों की फसल को नुकसान

चांडिल, 12 फरवरी : चांडिल वन प्रमंडल के अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के बिस्टाटांड़ गांव में बुधवार को दो जंगली हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि दोनों हाथी गांव के समीप खेतों में घुस गए और अजय महतो के आलू की फसल को नुकसान पहुंचाया।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथी सुबह के समय खेतों में देखे गए, जिसके बाद आसपास के लोग सतर्क हो गए। हाथियों द्वारा आलू की फसल खाने और रौंदने से काफी क्षति होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर स्थानीय वन विभाग की टीम को अवगत कराया गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने तथा फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।



