रसुनिया गांव में हाथियों का कहर, कई घर और दुकान को बनाया निशाना

चांडिल, 20 अगस्त : मंगलवार की रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच चांडिल प्रखंड के रसुनिया गांव में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। गांव के लोगों के अनुसार, हाथियों ने सबसे पहले बाबूलाल महतो के घर का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद वे प्राथमिक विद्यालय रसुनिया पहुंचे, जहां विद्यालय के गेट को तोड़कर चावल खा गए।
आगे बढ़ते हुए हाथियों ने आशीष प्रसाद महतो की दुकान को भी क्षति पहुंचाई। दुकान का दरवाजा तोड़कर हाथियों ने चावल, आलू एवं अन्य सामानों को अपना आहार बना लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में नीमडीह और चांडिल क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के साथ-साथ वन विभाग से उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि हाथियों के हमलों से जान-माल की रक्षा की जा सके।



