मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि का कार्यक्रम निर्धारित, पात्र मतदाताओं से समय पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि का कार्यक्रम निर्धारित, पात्र मतदाताओं से समय पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील
सरायकेला, 03 अगस्त : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि से संबंधित कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित तिथियों के अनुसार दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 05 अगस्त, 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 08 एवं 09 अगस्त, 2026 को दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने हेतु प्रथम विशेष मतदान केंद्र शिविर आयोजित होंगे। 15 अगस्त, 2026 को ग्राम सभाओं के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत 22 एवं 23 अगस्त, 2026 को द्वितीय विशेष मतदान केंद्र शिविर आयोजित किए जाएंगे।
25 अगस्त से 04 सितम्बर, 2026 तक Home-to-Roll Verification कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, संशोधन या आपत्ति है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित मतदान केंद्र अथवा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय में आवश्यक प्रपत्र के साथ अपना दावा एवं आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं।
उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप सभी गतिविधियों का प्रभावी संचालन, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने एवं प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।