उद्योगपुरुष जमशेदजी टाटा की 187वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, कुणाल षड़ंगी ने किया माल्यार्पण

जमशेदपुर, 03 मार्च : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी ने भारत के प्रख्यात उद्योगपति जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जमशेदजी टाटा के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया।
कुणाल षड़ंगी ने कहा कि जमशेदजी टाटा का दूरदर्शी नेतृत्व, आधुनिक औद्योगिक भारत की परिकल्पना और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जिस समय देश औद्योगिक दृष्टि से पिछड़ा हुआ था, उस दौर में जमशेदजी टाटा ने आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का सपना देखा और उसे साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि Tata Steel जैसी विश्वस्तरीय कंपनी की स्थापना कर उन्होंने भारत को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर स्थापित किया। टाटा स्टील ने न केवल उद्योग जगत को नई पहचान दी, बल्कि लाखों लोगों को रोजगार और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया। जमशेदपुर शहर का नियोजित विकास और सामाजिक संरचना भी उनके प्रगतिशील विचारों का प्रत्यक्ष उदाहरण है।
कुणाल षड़ंगी ने लोगों से आह्वान किया कि वे जमशेदजी टाटा के आदर्शों, ईमानदारी, सेवा भाव, श्रमिक हित और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें। उनकी जयंती के अवसर पर राज्य और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी महान उद्योगपुरुष को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।



