निखार सबलोक हत्याकांड में सरायकेला खरसावां पुलिस की बड़ी कामयाबी, कुख्यात अभिमन्यु सिंह गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
5 Min Read

SIT की लगातार कार्रवाई से हत्याकांड की कड़ियां खुलीं, एक लोडेड देशी पिस्टल, दो मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त एवेंजर बाइक बरामद

चांडिल, 08 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या के मामले में सरायकेला-खरसावां पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने हत्याकांड में शामिल कुख्यात अपराधकर्मी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद की है। पिस्टल की मैगजीन में एक जिंदा कारतूस भी मिला है।

पुलिस की इस कार्रवाई को हत्याकांड के उद्भेदन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले SIT ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर दो पिस्टल और घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हुंडई i10 कार बरामद की थी।

पुलिस के अनुसार, गत 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में निखार सबलोक को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए टीएमएच, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के पिता संजीव सबलोक के लिखित आवेदन के आधार पर चांडिल थाना में 25 अगस्त को आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

SIT ने तकनीकी साक्ष्य से खोली हत्याकांड की परतें

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक एवं सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध तथ्यों को जोड़ते हुए लगातार जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया।

इसी क्रम में पुलिस ने घटना के बाद अपराधियों के भागने में प्रयुक्त लाल रंग की Hyundai i10 कार (JH-05-AN-5503) को रांची से बरामद किया था।

पहले छह आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

SIT ने मामले में अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनिल रजक, रितेश सिंह, सुशिल केराई, राज कुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों को 2 सितंबर को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो पिस्टल भी बरामद की थीं।

इसके बाद हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी रखी गई।

अभिमन्यु की गिरफ्तारी से जांच को मिली नई मजबूती

लगातार अभियान के दौरान पुलिस ने 7 सितंबर 2026 को अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ बोड़ाम, मानगो, ओलिडीह और आदित्यपुर समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल JH-01FF-0779, दो वीवो स्मार्टफोन तथा एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद की। आरोपी को मंगलवार, 8 सितंबर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निखार सबलोक हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है। पुलिस की अब तक की कार्रवाई से मामले की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है और हत्याकांड में शामिल अपराधियों के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है।

चांडिल के चर्चित हत्याकांड में SIT की लगातार कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक के बाद एक आरोपियों की गिरफ्तारी सरायकेला-खरसावां पुलिस की सक्रियता और पेशेवर अनुसंधान का उल्लेखनीय उदाहरण है। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां मृतक के परिजनों को न्याय की उम्मीद मजबूत हुई है, वहीं क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में भी पुलिस की गंभीरता का संदेश गया है।

Share This Article