आसंगी चेक डैम में बुझ गए दो घरों के चिराग, घंटों की मशक्कत के बाद मिले दोनों युवकों के शव

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आसंगी चेक डैम में बुझ गए दो घरों के चिराग, घंटों की मशक्कत के बाद मिले दोनों युवकों के शव

आदित्यपुर, 07 सितंबर : आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी चेक डैम में रविवार को नहाने के दौरान डूबे दोनों युवकों के शव सोमवार को घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिए गए। हादसे में बंतानगर (धोबोडुंगरी) निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार और मीरुडीह निवासी शुभम शर्मा की मौत हो गई। दोनों युवकों के शव मिलने की खबर के बाद आसंगी समेत आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सोनू और शुभम रविवार दोपहर एक ही बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे। दोनों नहाने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान वे चेक डैम के गहरे हिस्से में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद आरआईटी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रविवार को काफी देर तक दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद एक बार फिर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने चेक डैम और आसपास के जलक्षेत्र में घंटों खोजबीन की।

लगातार प्रयास के बाद पहले सोनू लोहार का शव कुलूपटांगा क्षेत्र से बरामद किया गया। इसके बाद टीम ने शुभम शर्मा के शव को भी खोज निकाला। दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दो जवान बेटों की मौत की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश और मायूसी है। लोगों का कहना है कि चेक डैम जैसे जलक्षेत्रों में गहरे पानी और तेज बहाव को लेकर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article