ग्रामसभा को सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने पर जोर, कथित फर्जी एफआईआर के मामले में संबंधित विभाग से मांगा जाएगा जवाब
पटमदा, 22 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के लायाडीह स्थित ओड़िया टोला में ग्रामसभा की बैठक मांझी बाबा जगरनाथ मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गांव गणराज्य ग्राम समिति का गठन करते हुए ग्रामसभा को सशक्त बनाने, सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने तथा ग्रामसभा और गांव गणराज्य संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से परमेश्वर मुर्मू को समिति का अध्यक्ष, रेबोती टुडू को सचिव और लखीमनी मुर्मू को कोषाध्यक्ष चुना गया।
समिति के सदस्यों में रंजीत टुडू, सारदा प्रसाद हेंब्रम, नकुल हांसदा, गणेश मुर्मू, अनिल पाउरी, सुकुरमनी मुर्मू, सम्मोली हांसदा, ममता मुर्मू और सुबोंग सिंह सरदार को शामिल किया गया। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने बारी-बारी से प्रस्ताव रखा और उनका समर्थन किया।
ग्रामसभा को सशक्त बनाने पर जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्रामसभा के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ गांव के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के लिए पहल की जाएगी। ग्रामसभा और गांव गणराज्य संगठन के बीच समन्वय स्थापित कर एक आदर्श ग्रामसभा का मॉडल विकसित करने पर भी चर्चा हुई। लायाडीह से शुरू की गई इस पहल का विस्तार अन्य पंचायतों और प्रखंडों तक करने की योजना पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में ग्रामसभा के अधिकारों, वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों तथा संगठन के माध्यम से पारंपरिक ग्रामसभा को मजबूत बनाने के तरीकों की जानकारी दी गई। इसके अलावा ग्रामसभा के लेखा-जोखा, कार्यालय संचालन, स्टांप और आवश्यक दस्तावेजों के रखरखाव से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।
कथित फर्जी एफआईआर का मामला उठा
बैठक में ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जमशेदपुर – साकची के होम पाइप निवासी नवीन कुमार सिंह के विरुद्ध ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कमलपुर थाना में दर्ज कराई गई एफआईआर में नाम और पता सही नहीं हैं। ग्रामीणों ने इस मामले में संबंधित विभाग से स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया।
बैठक में कहा गया कि पारंपरिक मांझी बाबा के माध्यम से संबंधित विभाग को जल्द ही लिखित आवेदन भेजकर मामले की जानकारी मांगी जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आंदोलन किया जाएगा। साथ ही, ग्रामीणों का उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और मानहानि किए जाने के आरोपों को लेकर कानूनी कार्रवाई करने पर भी विचार किया जाएगा।
बैठक में गांव गणराज्य संगठन के बोड़ाम प्रखंड सचिव संवर्धन हांसदा तथा गांव गणराज्य लोक समिति, कोल्हान के संगठन संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।



