चांडिल : एंटी क्राइम चेकिंग में चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, निशानदेही पर दूसरी मोटरसाइकिल बरामद

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल : एंटी क्राइम चेकिंग में चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, निशानदेही पर दूसरी मोटरसाइकिल बरामद

चांडिल, 08 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार गए युवक की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, कल शुक्रवार को चांडिल थाना क्षेत्र के भादुड़ीह स्थित एनएच-33 पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने कृष्णा राणा उर्फ शेखर राणा (22) को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पूर्वी सिंहभूम जिले के सीतारामडेरा थाना के छायानगर निवासी राम बहादुर राणा का पुत्र हैं।

पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। मामले में चांडिल थाना में विभिन्न धाराओं के साथ एफआईआर दर्ज किया गया है।

पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त कृष्ण राणा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पहले भी जेल जा चुका है आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार कृष्ण राणा का आपराधिक इतिहास रहा है। बताया जा रहा है कि वह करीब 10 दिन पहले ही ओलीडीह ओपी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में लगभग ढाई वर्ष जेल में रहने के बाद बाहर आया था। इसके अलावा जमशेदपुर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

चांडिल पुलिस की तत्परता की सराहना

एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान संदिग्ध को पकड़ना, पूछताछ के आधार पर चोरी की दूसरी मोटरसाइकिल बरामद करना और आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाकर उसे न्यायिक हिरासत में भेजना चांडिल पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जगी है।

लगातार एंटी क्राइम चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी से अपराधियों में पुलिस का भय पैदा होता है। चांडिल पुलिस की यह कार्रवाई न केवल सराहनीय है, बल्कि वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का भी उदाहरण है।

Share This Article