टाटा लीज नवीनीकरण के मुद्दे को लेकर उपायुक्त से मिला झारखंड मूलवासी मंच, विस्थापितों के सर्वे और अधिकार बहाली की उठाई मांग
जमशेदपुर, 29 मई : टाटा लीज नवीनीकरण के मुद्दे को लेकर झारखंड मूलवासी मंच का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर समाहरणालय पहुंचा और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मंच के संयोजक एवं झारखंड आंदोलनकारी नेता हरमोहन महतो ने किया।
सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि टाटा लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू करने से पूर्व जमशेदपुर में टाटा कंपनी की स्थापना के दौरान विस्थापित हुए 18 मौजा के मूल रैयत, खतियानधारी आदिवासी एवं मूलवासी परिवारों का व्यापक सर्वे कराया जाए। साथ ही विस्थापितों को विस्थापन प्रमाण पत्र, पुनर्वास, मुआवजा, नौकरी तथा जमीन वापसी सुनिश्चित की जाए। मंच ने वर्ष 1996 के सर्वे खतियान को रद्द कर वर्ष 1908 एवं 1937 के खतियान को मान्यता देने की भी मांग उठाई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विस्थापितों द्वारा पूर्व में आवेदन और खतियान संबंधी दस्तावेज तत्कालीन उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को सौंपे गए थे। मंच ने सवाल उठाया कि क्या उक्त प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया था। यदि भेजा गया था तो उसे सार्वजनिक किया जाए, ताकि विस्थापितों के समक्ष वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
मंच के संयोजक हरमोहन महतो ने कहा कि टाटा लीज नवीनीकरण को लेकर विस्थापित परिवारों में आशंका और भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा द्वारा नेशनल गेम्स और सरकारी कर्मचारियों के बीमा के नाम पर टाटा लीज नवीनीकरण का सौदा किया गया था। उन्होंने कहा कि उसी तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न होने की आशंका से विस्थापित परिवार चिंतित हैं।
उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि टाटा कंपनी से विस्थापित सभी खतियानधारी आदिवासी एवं मूलवासी परिवारों का निष्पक्ष सर्वे कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। मंच ने कहा कि विस्थापितों के अधिकारों की अनदेखी कर किसी भी प्रकार का लीज नवीनीकरण स्वीकार्य नहीं होगा।
ज्ञात हो कि 31 दिसंबर 2025 को टाटा लीज की अवधि पूर्ण हो चुकी हैं, अब नए सिरे से लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई हैं। बताया जा रहा है कि कोल्हान के आयुक्त तथा पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त द्वारा अपने मंतव्य के साथ प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा, जिसपर सरकार विचार करेगी।