पूर्वी सिंहभूम में नवजातों को डिस्चार्ज से पहले ही मिलेगा जन्म प्रमाण पत्र : उपायुक्त की विशेष पहल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पूर्वी सिंहभूम में नवजातों को डिस्चार्ज से पहले ही मिलेगा जन्म प्रमाण पत्र : उपायुक्त की विशेष पहल

जमशेदपुर, 06 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की शुरुआत की है, जिसके तहत अब जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (शहरी व ग्रामीण) और सदर अस्पताल, जमशेदपुर में जन्म के तुरंत बाद नवजात शिशुओं का जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate) तैयार कर उन्हें डिस्चार्ज से पहले ही माताओं को सौंपा जा रहा है।

यह पहल उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर शुरू की गई है। उपायुक्त ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जन्म पंजीकरण को सरल, त्वरित और पारदर्शी बनाना है, जिससे सभी नवजातों का समय पर और सही पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र बच्चों के अधिकारों की रक्षा, प्रमाणिक पहचान सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अत्यंत आवश्यक दस्तावेज है। पूर्व में प्रमाण पत्र जारी करने में देरी की शिकायतें मिलती थीं, जिसे अब इस व्यवस्था से समाप्त किया जा रहा है।

नवीन प्रक्रिया के तहत अस्पताल प्रबंधन और संबंधित नगर निगम / नगर परिषद के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं।

ऑनस्पॉट दस्तावेज सहायता भी उपलब्ध

जिन प्रसूताओं के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं होते हैं, उनके लिए अस्पताल में तत्काल सहायता (On-the-spot support) की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी नवजात बिना प्रमाण पत्र के अस्पताल से बाहर न जाए।

इस पहल के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि हर नवजात का समय पर और सटीक पंजीकरण हो, जिससे भविष्य में कोई भी बच्चा शिक्षा, स्वास्थ्य, पहचान या सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

यह पहल जिले में सशक्त जन प्रशासन और सुशासन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है, जिसकी सराहना आम नागरिकों और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा की जा रही है।

Share This Article