जिले में अब 24 घंटे निशुल्क मिलेगी सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा

सरायकेला, 12 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले की सभी गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित प्रसव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक गर्भवती महिला को गर्भावस्था के दौरान अनिवार्य रूप से जांच कराना आवश्यक है, जिससे समय पर किसी भी जटिलता का निदान किया जा सके।
गर्भवती महिलाओं को अपने क्षेत्र की सहिया एवं एएनएम से नियमित संपर्क बनाए रखने तथा निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सदर अस्पताल से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया है।
हर मां के लिए मुहैया कराया सुरक्षित प्रसव की गारंटी
जिले की सभी गर्भवती महिलाओं के लिए सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा अब सदर अस्पताल एवं सभी अनुमंडलीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में 24×7 निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा पूर्णतः सरकारी है तथा इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क देय नहीं है। सुरक्षित प्रसव हेतु अनुभवी चिकित्सक एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे।
इस संबंध में उपायुक्त ने कहा कि मां एवं शिशु की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी गर्भवती महिलाएं गर्भावस्था के दौरान समय पर ANC जांच अवश्य कराएं तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत निकटतम PHC, CHC या जिला अस्पताल से संपर्क करें। प्रशासन का संकल्प है कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव की गारंटी उपलब्ध कराई जाएगी।


