मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से करेंगे बार भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास

Manbhum Updates
2 Min Read

मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से करेंगे बार भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास

चांडिल, 16 सितंबर : चांडिल अनुमंडलीय न्यायालय परिसर में निर्मित होने वाले बार भवन का ऑनलाइन शिलान्यास मंगलवार को शाम चार बजे होगा। भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान के द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। इसको लेकर अनुमंडलीय न्यायालय परिसर, चांडिल में शाम चार बजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार इसके साथ ही मुख्यमंत्री और मुख्य न्यायाधीश पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में भी बार भवन का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास करेंगे।
खूंटी में होगा मुख्य कार्यक्रम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान मंगलवार को खूंटी जिला मुख्यालय में विधिज्ञ परिषद भवन का शिलान्यास करेंगे। शाम चार बजे खूंटी कचहरी मैदान में विधिज्ञ परिषद भवन शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान चांडिल एवं चाईबासा बार भवन का भी वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Share This Article