जियाडा भवन के बाहर युवक की मौत के बाद प्रशासन सख्त, सभी फास्ट फूड ठेले हटाए गए

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर में पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान, थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने दी दोबारा ठेला लगाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

आदित्यपुर, 22 अक्टूबर : जियाडा परिसर के बाहर फास्ट फूड ठेले पर हुई चाकूबाजी की घटना में युवक की मौत के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। गुरुवार को आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने अभियान चलाकर जियाडा भवन के बाहर और आसपास सड़क किनारे लगे सभी फास्ट फूड ठेलों को हटवा दिया। पुलिस ने ठेला संचालकों को तत्काल जगह खाली करने का निर्देश देते हुए दोबारा ठेला लगाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कहा कि जियाडा भवन एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। परिसर के बाहर सड़क किनारे ठेले लगने से अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। साथ ही वहां लोगों की भीड़ जुटने से अव्यवस्था की आशंका बनी रहती थी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जियाडा परिसर के बाहर अब किसी भी प्रकार का फास्ट फूड ठेला लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आदेश का उल्लंघन कर दोबारा ठेला लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चाउमीन और चिकन को लेकर हुआ था विवाद

गौरतलब है कि बीते दिनों जियाडा परिसर के बाहर खाऊ गली स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर हाफ प्लेट चाउमीन और बोनलेस चिकन को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद मामला मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। इस घटना में मानगो निवासी शेखर तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।

घटना के बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है।

Share This Article