धातकीडीह में 58 वर्षीय अशोक नायक की हत्या का मामला, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जुटाए साक्ष्य
सरायकेला, 22 अक्टूबर : सरायकेला के सिनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह में पिता की हत्या के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय बेटे अर्जुन नायक उर्फ पाण्डेय जी को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान अशोक नायक (58) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, ईंट और आरोपी का खून लगा कपड़ा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी पार्वती नायक (48) के लिखित आवेदन के आधार पर उनके बेटे अर्जुन नायक के खिलाफ पिता की हत्या के आरोप में सरायकेला थाना कांड संख्या 107/2026, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया है।
मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किए गए खून लगे चाकू और ईंट के साथ खून लगा कपड़ा जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी अर्जुन नायक उर्फ पाण्डेय जी धातकीडीह के महलीसाई, निचला टोला का निवासी है। छापामारी दल में ओपी प्रभारी गौरव कुमार, सुगात हांसदा और रिजर्व गार्ड, सिनी ओपी शामिल थे।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



