टाटानगर-हावड़ा रेलखंड पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव देने और कदामकानन आरओबी का निर्माण जल्द शुरू करने की उठाई मांग
झाड़ग्राम, 22 अक्टूबर : झाड़ग्राम और आसपास के जंगलमहल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्रियों की सहूलियत और रेल बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर जंगमहल स्वराज मोर्चा (जेएसएम) ने दक्षिण-पूर्व रेलवे के संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक महतो के नेतृत्व में रेलवे के विशेष अभियान ‘जन संवाद’ के तहत सौंपे गए ज्ञापन में पांच प्रमुख जनमांगें उठाई गई हैं।
संगठन का कहना है कि झाड़ग्राम रेलवे स्टेशन जंगलमहल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मजदूर और अन्य यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में रेल सेवाओं में सुधार और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान जरूरी है।
ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और समय पर परिचालन की मांग
ज्ञापन में टाटानगर-हावड़ा रेलखंड पर लोकल और पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है। संगठन के अनुसार, इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को सस्ती एवं सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। इसके साथ ही ट्रेनों के बार-बार विलंब से परिचालन पर चिंता जताते हुए समयबद्ध रेल सेवा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।
दिल्ली और दक्षिण भारत की ट्रेनों का मिले ठहराव
जंगमहल स्वराज मोर्चा ने झाड़ग्राम स्टेशन पर दिल्ली और दक्षिण भारत के प्रमुख गंतव्यों से संपर्क स्थापित करने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव देने की मांग भी उठाई है। संगठन का कहना है कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें चलाने और महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने से झाड़ग्राम तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
कदामकानन आरओबी का निर्माण जल्द शुरू करने पर जोर
ज्ञापन में कदामकानन रेलवे फाटक के स्थान पर प्रस्तावित रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण शीघ्र शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। संगठन के अनुसार, दक्षिण-पूर्व रेलवे ने 29 दिसंबर 2025 के पत्र में सरडीहा और झाड़ग्राम के बीच किलोमीटर 152/23-25 पर स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 81 यानी कदामकानन गेट के स्थान पर लागत साझा करने के आधार पर आरओबी निर्माण की मंजूरी दी थी।
पत्र में निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएओ (कंस्ट्रक्शन)/आरएसपी/जीआरसी को सौंपे जाने का भी उल्लेख है। हालांकि, संगठन का कहना है कि अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। मोर्चा ने आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर निर्माण शुरू करने की मांग की है। संगठन के मुताबिक, आरओबी बनने से सड़क सुरक्षा बढ़ेगी तथा जाम और आवागमन की परेशानियां कम होंगी।
स्टेशन पर हेल्पलाइन और शिकायत समिति की जानकारी प्रदर्शित करने की मांग
ज्ञापन में झाड़ग्राम स्टेशन पर रेलवे शिकायत हेल्पलाइन नंबर और मंडलीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) के संपर्क विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने की मांग भी शामिल है। इससे यात्रियों को शिकायत दर्ज कराने और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने में सहूलियत होगी।
संगठन ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झाड़ग्राम स्टेशन का विकास होने के बावजूद ट्रेनों की संख्या बढ़ाना, समयबद्ध परिचालन, लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव और लंबित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा करना भी उतना ही आवश्यक है।
जंगमहल स्वराज मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक महतो ने कहा कि संगठन झाड़ग्राम और व्यापक जंगलमहल क्षेत्र के लोगों की समस्याओं तथा जायज मांगों को लगातार उठाता रहेगा। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की।



