घनी आबादी में शराब दुकान से बढ़ी परेशानी, महिलाओं ने किया विरोध — रघुनाथपुर में स्थानांतरण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

नीमडीह, 01 नवम्बर: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड मुख्यालय – रघुनाथपुर में सरकारी शराब दुकान के स्थान को लेकर स्थानीय महिलाओं ने जोरदार आपत्ति दर्ज कराई है। रघुनाथपुर वन विश्राम गृह के सामने स्थित इस दुकान को हटाने की मांग करते हुए महिला समिति की सदस्याओं ने शनिवार को नीमडीह अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब दुकान के आसपास आए दिन लोग खुलेआम शराब पीते हैं, जिससे वहां का माहौल असुरक्षित बना रहता है। उन्होंने बताया कि नशे में धुत लोग राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को परेशान करते हैं। इससे गांव में अशांति फैल रही है और समाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
गांव की महिलाओं का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह की दुकान चलाना प्रशासनिक लापरवाही है। उनका तर्क है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब की बिक्री से सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है।
अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद कहा कि जनसंख्या वाले क्षेत्रों में शराब दुकानें नहीं होनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं की पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित दुकान को ऐसी जगह स्थानांतरित किया जाएगा, जहां समाज पर इसका विपरीत प्रभाव न पड़े।
महिला समिति द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर आदरडीह पंचायत की मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम प्रधान, आंगनवाड़ी सेविकाएं और सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं—जयश्री महतो, पुष्पा महतो, सुनीता गोप, पूजा गोप, ललिता महतो, रेखा रानी महतो, लक्ष्मी महतो, उर्मिला महतो, दुलाली महतो, प्रमिला महतो, संतोषी महतो, रुचिका महतो, गुनमनी कर्मकार, कुलमनी महिला आदि—के हस्ताक्षर हैं।
महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक शराब दुकान को घनी आबादी वाले क्षेत्र से नहीं हटाया जाता, वे अपनी मुहिम जारी रखेंगी।



