उपायुक्त के साप्ताहिक जनता दरबार में आया अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड और ईचागढ़ के आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित शिकायत – आमजन की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन

सरायकेला, 11 जुलाई : जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए दर्जनों नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में उपस्थित आम लोगों ने भूमि विवाद, मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना, म्यूटेशन में रकबा सुधार, भूमि नामांतरण, तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में नियुक्ति की अनियमितताओं जैसी जटिल समस्याओं को उठाया। इन शिकायतों पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को त्वरित और निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में प्राप्त मुख्य शिकायतें :
अमलगाम स्टील एंड पावर लिमिटेड द्वारा रैयती भूमि अधिग्रहण के बदले नौकरी का वादा करने के बाद भी रोजगार न देने की शिकायत।
कुचाई प्रखंड में जर्जर भवन में संचालित पुस्तकालय के लिए वैकल्पिक भवन एवं पुस्तकों की उपलब्धता की मांग।
सलूडीह आंगनबाड़ी केंद्र, इचागढ़ की सेविका को माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के बावजूद नियुक्ति पत्र नहीं मिलने की शिकायत।
ईचागढ़ (धुधाडीह बस्ती) के आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन में अनियमितता की शिकायत।
जनता दरबार में कुछ मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि आमजनों को उनके अधिकार और योजनाओं का लाभ हर हाल में दिलाया जाएगा।
प्रशासन की यह पहल आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीरता को दर्शाती है।
ManbhumUpdates.com | निष्पक्ष खबर, सटीक रिपोर्टिंग



